![]() |
| रीवा में 15 पटवारी निलंबित, स्वामित्व योजना के कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई |
रीवा। स्वामित्व योजना के तहत सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन नहीं करने और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के मामले में रीवा जिले के 15 पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) ने पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वामित्व योजना के कार्यों में निर्धारित जिम्मेदारियों का पालन नहीं करने और अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के चलते यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई को शासकीय कार्यों में लापरवाही और आदेशों की अवहेलना के प्रति सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।
इन 15 पटवारियों पर हुई कार्रवाई
निलंबित किए गए पटवारियों में बृजेश गुप्ता (हल्का लौवा लक्ष्मणपुर), अभिनव तिवारी (हल्का अमिरती), सौरभ सिंह (हल्का इटार पहाड़), आशीष पांडे (हल्का उमरी), मधुर सिंह (हल्का मनिकवार), कौशल कोल (हल्का भौवार), इकबाल (हल्का व्योहरा), प्रकाश सोनी (हल्का रौरा), योगेश डाबर (हल्का जवा), निशांत नागवंशी (हल्का सूती), पुष्पराज सिंह (हल्का कोराव अमिलिया), नम्रता साहू (हल्का हर्दिकला), प्रशांत त्रिपाठी (हल्का मरैला), अजय पटेल (हल्का भटिगवां) और योगिता सिंह (हल्का बबैया) शामिल हैं।
जिला प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में जवाबदेही और समय पर शासकीय कार्यों के निष्पादन को लेकर सख्त संदेश गया है।
