सेवा संकल्प अभियान के तहत रीवा में निकलीं सेवा ज्योति यात्राएं, उप मुख्यमंत्री ने दिलाई शपथ

 सेवा संकल्प अभियान के तहत रीवा में निकलीं सेवा ज्योति यात्राएं, उप मुख्यमंत्री ने दिलाई शपथ

रीवा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अभिनंदन के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को रीवा जिले में सेवा ज्योति संकल्प दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्राएं निकाली गईं। मुख्य समारोह टीआरएस कॉलेज के एनसीसी मैदान में आयोजित हुआ, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने 25 वर्षों तक जनसेवा का अवसर देने के लिए देश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनता उनके लिए ईश्वर का रूप है। जनसेवा के अनुभव को अपने जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्होंने कहा कि यह अनुभव उन्हें लगातार कुछ नया सीखने की प्रेरणा देता है।

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के संकल्पों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना, दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना, ओलंपिक खेलों का आयोजन करना और भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाना देश के प्रमुख लक्ष्य हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया एक भारतीय पायलट की बहादुरी की चर्चा कर रही है, लेकिन वह दिन भी आएगा जब पूरी दुनिया मेड इन इंडिया विमानों की चर्चा करेगी।

उन्होंने युवाओं को देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना युवा पीढ़ी ही साकार करेगी। प्रधानमंत्री ने कोरोना संकट, नक्सलवाद और आतंकवाद जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए देश की उपलब्धियों को रेखांकित किया।

उप मुख्यमंत्री ने दिलाई विकसित भारत की शपथ

समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने उपस्थित लोगों को विकसित भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी नागरिकों को योगदान देना चाहिए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा का अभिनंदन बताया।

सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि पेट्रोलियम, गैस, रक्षा और खाद निर्माण जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि देश के विकास का लाभ युवा पीढ़ी तक पहुंचना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया और अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक नागेन्द्र सिंह, दिव्यराज सिंह, नरेन्द्र प्रजापति, सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post