![]() |
| रीवा डिप्टी CM आवास घेराव पर FIR के बाद कांग्रेस का पलटवार, खुद FIR कराने अमहिया थाने पहुंचे यूथ कांग्रेस नेता |
रीवा - रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के आवास पर युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद सियासी टकराव और तेज हो गया है। पुलिस की ओर से तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा और बलवा समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बाद मंगलवार को यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी भी अमहिया थाने पहुंचे और अपने कार्यकर्ताओं पर कथित मारपीट और चोट का आरोप लगाते हुए FIR की मांग की। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे और कल्पना मिश्रा को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। अमहिया थाने पहुंचे यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सांसद जी ने कहा था सामने आइए, तो हम सामने खड़े हैं। जब तक स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा नहीं होगा, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। अभिषेक परमार ने आरोप लगाया कि उनके और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे प्रकरण दर्ज किए गए हैं और प्रदर्शन के दौरान उन्हें भी चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें अपराधी माना जा रहा है तो जेल भेजा जाए, लेकिन कल्पना मिश्रा को न्याय मिलने तक कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी। वहीं कांग्रेस नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के साथ-साथ कथित चोटों की शिकायत दर्ज कराने की मांग की है। एक तरफ पुलिस की FIR, दूसरी तरफ कांग्रेस की जवाबी FIR की मांग, रीवा में स्वास्थ्य व्यवस्था से शुरू हुआ आंदोलन अब सीधे पुलिस और सियासत के आमने-सामने पहुंच गया है। अब देखना होगा कि यूथ कांग्रेस की शिकायत पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है। फिलहाल दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से रीवा में आंदोलन का सियासी तापमान और बढ़ गया है।
