| सत्यनारायण मंदिर में आज से गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतवाणी |
बदनावर - मालीपुरा मंदिर चौक स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में गुरुवार से श्रीमद्भागवत कथा के भव्य आयोजन का शुभारंभ होगा। कथा का वाचन प्रसिद्ध भागवत आचार्य पंडित रमेशचंद्र अग्निहोत्री के मुखारविंद से किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर माली समाज बदनावर में विशेष उत्साह का माहौल है।
आयोजक माली समाज बदनावर के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं सहित श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रेरणादायी प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, संस्कार, सदाचार और जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश मिलेगा।
कथा आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कथा श्रवण के लिए पहुंचने की संभावना है। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
माली समाज बदनावर के अध्यक्ष शिवनारायण माली टेंकर वाले ने नगरवासियों एवं समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, भक्ति और सकारात्मक विचारों से जोड़ने का माध्यम है।