| सांदीपनि विद्यालय में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, कालियादह मर्दन ने मोहा मन |
बदनावर। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में सांदीपनि विद्यालय बदनावर में तीन दिवसीय गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के प्रथम दिवस विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, वहीं द्वितीय दिवस भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में भक्ति और उत्साह का रंग भर दिया। द्वितीय दिवस विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से संबंधित ‘कालियादह मर्दन’ नृत्य नाटिका का प्रभावी मंचन किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का मन मोह लिया। इसके साथ ही शिक्षकों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके व्यक्तित्व से जुड़े प्रेरक प्रसंग विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत किए। बालिकाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति के साथ आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और उनके संदेशों को मंच पर जीवंत किया।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ संस्था प्राचार्य रियाजुद्दीन शेख ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में वैभव चौरड़िया ने स्वागत उद्बोधन दिया। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित प्रेरक प्रसंग गोविंद जायसवाल, नरेंद्र चौहान एवं शुभम बारेट द्वारा प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नृत्य नाटिका का संयोजन शिक्षिका अंबिका परमार ने किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता प्रदीप पांडेय ने किया, जबकि आभार अंकित जैन ने व्यक्त किया। तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और भारतीय संस्कृति से परिचित कराने के साथ उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। विद्यालय में आयोजित गतिविधियों को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।