![]() |
| मऊगंज में आधी रात भीषण हादसा: खड़ी बुलेट को ट्रक ने मारी टक्कर, दोनों वाहनों में लगी आग |
मऊगंज। जिले में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हाईवे किनारे खड़ी बुलेट बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक और ट्रक दोनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 निवासी सत्येंद्र गुप्ता की बुलेट बाइक हाईवे किनारे खड़ी थी। बताया गया कि सत्येंद्र गुप्ता बाथरूम करने के लिए बाइक से कुछ दूरी पर गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बुलेट को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक में तत्काल आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
दोनों वाहनों में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ट्रक चालक ने किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और मौके से चला गया। वहीं बाइक मालिक सत्येंद्र गुप्ता भी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे में दोनों वाहनों को भारी नुकसान हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद अन्नु खान ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने में फायर कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
फायर कर्मी यार मोहम्मद के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। लगातार प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी। हालांकि आग बुझने तक बुलेट और ट्रक दोनों बुरी तरह जल चुके थे और उनका अधिकांश हिस्सा पूरी तरह खाक हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि जिस समय ट्रक ने खड़ी बाइक को टक्कर मारी, उस समय बाइक चालक वाहन के पास मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि बाइक चालक उस समय वाहन के पास होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद ट्रक चालक के मौके से चले जाने की बात सामने आई है। फिलहाल हादसे के कारणों और ट्रक चालक की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग और करीब तीन घंटे तक चले दमकल अभियान ने हाईवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि सबसे राहत वाली बात यही रही कि इस भीषण हादसे के बावजूद किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
