मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार का इनामी NDPS आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार

मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार का इनामी NDPS आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार 

मऊगंज। फरार एवं वारंटी आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी 20 हजार रुपए का इनामी है, जो NDPS एक्ट के दो मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी को POCSO एक्ट, SC/ST एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के मामलों में गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को 9 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, NDPS एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी राजू उर्फ राजकिशोर पटेल (45) निवासी ग्राम पहाड़ी, थाना शाहपुर के खिलाफ थाना मऊगंज में अपराध क्रमांक 355/25 और 469/25 दर्ज हैं। दोनों प्रकरणों में NDPS एक्ट की धारा 20(बी), 29 के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले में शामिल अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

फरार आरोपी की तलाश के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक राम सिंह पटेल के नेतृत्व में पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने लगातार तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से सुराग जुटाए। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने प्रयागराज में घेराबंदी कर आरोपी राजू उर्फ राजकिशोर पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार को भी जब्त किया है।

POCSO और SC/ST एक्ट के आरोपी की भी गिरफ्तारी

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने मनीष सिंह सेंगर (29) निवासी भाठी सेंगर, थाना मऊगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 491/25 में BNS एवं SC/ST एक्ट तथा अपराध क्रमांक 588/26 में BNS, POCSO एक्ट एवं SC/ST एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ तीन अन्य प्रकरणों में न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए गए थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर लगातार जानकारी एकत्र की जा रही थी। सुराग मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई एसपी सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन, एएसपी शशिकांत सरयाम एवं एसडीओपी शची पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राम सिंह पटेल के नेतृत्व में की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार और वारंटी आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post