ब्यौहारी में उमड़ा जनसैलाब, विधायक शरद कोल की अगुवाई में गूंजा सामाजिक समरसता का शंखनाद

ब्यौहारी में उमड़ा जनसैलाब, विधायक शरद कोल की अगुवाई में गूंजा सामाजिक समरसता का शंखनाद

ब्यौहारी/शहडोल - संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर ब्यौहारी में सामाजिक समरसता, समानता और बंधुत्व का संदेश देते हुए भव्य समरसता संकल्प यात्रा निकाली गई। स्थानीय विधायक श्री शरद कोल की अगुवाई में निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिक शामिल हुए। विशाल जनभागीदारी और वाहनों के लंबे काफिले ने पूरे नगर में उत्साह और भक्ति का माहौल बना दिया।

बताया गया कि संत रविदास जी की पावन जन्मस्थली वाराणसी से प्रारंभ होकर ब्यौहारी पहुंची कलश यात्रा का नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद टंकी तिराहा से विनायक पैलेस तक भव्य संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा में 1000 से अधिक दोपहिया एवं चारपहिया वाहन तथा 100 से ज्यादा ऑटो शामिल रहे। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता के कारण नगर में जगह-जगह यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला।

यात्रा के दौरान संत रविदास महाराज के समतामूलक विचारों, सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाते हुए मानवता, समानता और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक एकता के लिए प्रासंगिक हैं।

प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

समरसता संकल्प यात्रा एवं समारोह में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और समाज के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री कृष्ण गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री राम लखन खटीक, प्रचार प्रमुख श्री रामदुलारे प्रजापति, एसपी श्री साकेत, श्री सुंदरलाल साकेत, पार्षद श्री सोनू साकेत, पार्षद श्रीमती चंदा देवी चौधरी, श्री दिनेश साकेत, सरपंच श्री हीरालाल साकेत, श्री देवीदीन प्रजापति एवं श्रीमती राधिका साकेत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष इंजीनियर श्री कमल खटीक ने किया। कार्यक्रम प्रभारी श्री पुष्पेंद्र पटेल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सामाजिक एकता का लिया संकल्प

समारोह के समापन अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने संत रविदास जी के समतामूलक विचारों को अपने जीवन और आचरण में अपनाने तथा समाज में भाईचारा, समानता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने संकल्प यात्रा को क्षेत्र के लिए यादगार बना दिया। संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देने वाले जनअभियान के रूप में भी सामने आई।

Post a Comment

Previous Post Next Post