| तेज रफ्तार बोलेरो घर में घुसी, युवक की मौके पर मौत; पांच घायल, दो की हालत गंभीर |
उमरिया। अमरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। हायर सेकेंडरी विद्यालय के सामने तेज रफ्तार नई बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित स्थानीय लल्ला कोल के मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में एक स्थानीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि घर में मौजूद लोगों सहित करीब पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे में अमरपुर निवासी गोविंद गौतम और भोलू सिंह सहित अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के जिला प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र बरही पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि घायलों में भोलू सिंह और गोविंद गौतम की हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बोलेरो किस वजह से अनियंत्रित हुई और उसकी रफ्तार कितनी थी, पुलिस इन बिंदुओं की भी जांच कर रही है।