![]() |
| अंतर्राज्यीय चंदन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार |
रीवा। शहर में सक्रिय चंदन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए अमहिया पुलिस ने अंतर्राज्यीय चंदन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 57 किलोग्राम कीमती चंदन की लकड़ी, आरी, चाकू, कुल्हाड़ी सहित वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य औजार बरामद किए हैं। जब्त चंदन की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मंडला जिले के देवरी क्षेत्र के निवासी हैं।
बंगले के परिसर से काटा था चंदन का पेड़
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी के अनुसार, गत 17 सितंबर को अमहिया थाना क्षेत्र में सिविल लाइन कॉलोनी के सामने स्थित एक बंगले के परिसर से अज्ञात आरोपियों द्वारा चंदन का पेड़ काटकर चोरी कर लिया गया था। घटना की शिकायत मिलने के बाद अमहिया पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमहिया थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर मंडला जिले के चार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में सामने आई चोरी की बात
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने चंदन चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 57 किलो चंदन की लकड़ी बरामद की। इसके अलावा पेड़ काटने में इस्तेमाल की गई आरी, चाकू और कुल्हाड़ी सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में देवरी, जिला मंडला निवासी जशरथ पारदी पिता रतनलाल पारदी, तलकर आदिवासी पिता मुकेश आदिवासी, मंगरू पावर पिता पंसारी पावर और स्वागत आदिवासी पिता पारस आदिवासी शामिल हैं।
रीवा में लंबे समय से चिंता का विषय है चंदन चोरी
पुलिस की मौजूदा कार्रवाई के बीच रीवा संभाग में चंदन के पेड़ों की सुरक्षा को लेकर लंबे समय से उठते रहे सवाल भी चर्चा में हैं। बताया जाता है कि रीवा जिले में निजी और शासकीय भूमि पर चंदन के पेड़ बड़ी संख्या में मौजूद रहे हैं, लेकिन इनमें से कई पेड़ों का राजस्व अभिलेखों में स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं होने के कारण उनकी सुरक्षा और चोरी के मामलों में कार्रवाई को लेकर व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आती रही हैं।
स्थानीय स्तर पर दावा किया जाता है कि रीवा में चंदन कटाई का सिलसिला करीब 1985 के दौर से लगातार सामने आता रहा है और वर्ष 2026 तक भी चंदन चोरी की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। जिले में गढ़ का चंदन बाग भी चंदन के पेड़ों के लिए चर्चित रहा है, जिसकी निगरानी वन विभाग द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आती रही है। वहीं, भूमि संबंधी अभिलेखों में राजस्व विभाग की भूमिका होने के कारण चंदन के पेड़ों की कटाई और चोरी के मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।
कई मामलों में चंदन चोरी को सामान्य चोरी के अपराध के रूप में दर्ज किए जाने से यह सवाल भी बना हुआ है कि क्या केवल आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की लकड़ी बरामद करने से इस पूरे नेटवर्क पर स्थायी रोक लग पाएगी। मौजूदा कार्रवाई निश्चित रूप से पुलिस की सफलता है, लेकिन इसका प्रभाव अल्पकालिक रहेगा या चंदन चोरी के नेटवर्क पर दीर्घकालिक अंकुश लगेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, साइबर सेल के उप निरीक्षक गौरव मिश्रा, नौबस्ता चौकी प्रभारी उप निरीक्षक घनश्याम मिश्रा, प्रधान आरक्षक कृष्णकांत नामदेव, प्रधान आरक्षक रामदेव मिश्रा, आरक्षक आशीष पांडे, विकास तिवारी, शंकरदत्त जायसवाल, देशराज सिंह, अनूप त्रिपाठी, अरुणेन्द्र सिंह एवं अनंत योगेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
