![]() |
| दीनदयाल के अंत्योदय दर्शन से ही समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण संभव — योगेंद्र शुक्ला |
रीवा। राष्ट्रऋषि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय रायपुर कर्चुलियान में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, चिंतन, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों का तिलक एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य वक्ता अधिवक्ता योगेंद्र शुक्ला ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल एक राजनीतिक चिंतक नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित ऐसे राष्ट्रनायक थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल जी का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सम्मान, अवसर और खुशहाली सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है। विकास का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब उसकी रोशनी समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। विधायक प्रतिनिधि अनिल सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के कार्य को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और विकास का लाभ पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जागेश्वर ताम्रकार ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाजसेवा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णकांत शुक्ला ने संस्कृत भाषा में अपने विचार रखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय को राष्ट्र के महान ऋषियों की परंपरा का प्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल पंडित दीनदयाल जी ने अपना सर्वश्रेष्ठ देश और समाज के लिए समर्पित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक श्रीमती शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने और उसके शुद्धिकरण के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था कोइल माता समिति के अध्यक्ष शंकरषण द्विवेदी एडवोकेट ने किया। इस अवसर पर परामर्शदाता महेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शौरव पांडेय, बालेंद्र पांडेय, शिवानी पांडेय, विकास साहू, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पहाड़िया के अध्यक्ष संदीप सिंह, अध्यक्ष शिवकली साकेत सहित समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार वरिष्ठ समाजसेवी जयप्रकाश नारायण मिश्रा ने व्यक्त किया।
