| ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों ने रोपे पौधे |
शहडोल -पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश शासन के वन विभाग एवं पत्रकारों के प्रमुख संगठन सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब शहडोल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन परिक्षेत्र शहडोल अंतर्गत निपनिया बीट में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन अधिकारियों, समाजसेवियों और पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के औषधीय एवं फलदार पौधे रोपे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वनमंडलाधिकारी दक्षिण सुश्री श्रद्धा पंद्रे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, रेलवे श्रमिक यूनियन के नेता एवं समाजसेवी ए.के. मोहंती, ज्ञानोदय स्कूल के संचालक एवं समाजसेवी अजय सिंह तथा उप वन मंडलाधिकारी सोहागपुर संतोष कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।
पौधे हमारी धरोहर हैं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल ने कहा कि पौधे हमारी धरोहर हैं और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने पत्रकारों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए आम लोगों से भी अपील की कि वे जहां भी संभव हो, कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें।
वन्यजीव संरक्षण में जंगलों की अहम भूमिका
वनमंडलाधिकारी दक्षिण सुश्री श्रद्धा पंद्रे ने कहा कि निपनिया क्षेत्र का जंगल वन्यजीवों और मानव के बीच द्वंद्व को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र चार प्रमुख टाइगर रिजर्वों को जोड़ने वाले वन्यजीव कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसमें छत्तीसगढ़ का अचानकमार, कान्हा टाइगर रिजर्व, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और संजय गांधी टाइगर रिजर्व शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ लगातार पेड़ों की संख्या कम हो रही है, ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर पौधरोपण और उनके संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल वन विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
पर्यावरण सुरक्षित तो स्वास्थ्य भी सुरक्षित
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने पत्रकारों के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पेड़-पौधों से न केवल हरियाली बढ़ती है, बल्कि स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी इनका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ा संगठन
सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब शहडोल के जिला अध्यक्ष मोहम्मद सईद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी अपनी भूमिका निभाता रहा है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया गया यह पौधरोपण भी इसी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान नीम, सीताफल, आम, सिंदूर, आंवला और बहेड़ा सहित बड़ी संख्या में औषधीय एवं फलदार पौधे रोपे गए। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
यह भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के मोहम्मद सईद (पीटीआई-भाषा), संतोष चौबे (ब्यूरो प्रमुख, सच एक्सप्रेस भोपाल), हुसैन अली (सहायक संपादक, दैनिक समय), मृगेंद्र पाठक (ब्यूरो प्रमुख, दैनिक उमरिया खबर), गंगाधर चौधरी (ब्यूरो प्रमुख, दैनिक क्राइम दर्पण), मोहम्मद इस्लाम खान (ब्यूरो प्रमुख, दैनिक प्रथम मंच) सहित नमो नमो मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र साहू, वन परिक्षेत्र अधिकारी शहडोल विनायक कुमार गौतम, डिप्टी रेंजर एवं बीट गार्ड सहित वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।