| 5 सीटर ऑटो में 18 से ज्यादा स्कूली बच्चे, NH-43 पर जान जोखिम में डालकर सफर |
शहडोल - जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। अमलाई थाना क्षेत्र से गुजरने वाले NH-43 पर एक ऑटो में क्षमता से कई गुना अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर ले जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में करीब 18 से अधिक बच्चे छोटे से ऑटो में ठूंसकर बैठे दिखाई दे रहे हैं। कुछ बच्चे दरवाजे के पास खड़े और लटकते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा में है।
बताया जा रहा है कि ऑटो में सामान्य तौर पर सीमित यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है, लेकिन इसमें बड़ी संख्या में बच्चों को भरकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ले जाया जा रहा था। NH-43 पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच इस तरह बच्चों को ले जाना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के अनियंत्रित होने या किसी अन्य वाहन से टक्कर की स्थिति में बच्चों के पास बचाव के लिए पर्याप्त जगह तक नहीं होगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच और निगरानी कितनी प्रभावी है? क्या संबंधित विभागों की नजर ऐसे ओवरलोड वाहनों पर नहीं है? अभिभावकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। प्रशासन और यातायात विभाग से मांग है कि वीडियो की जांच कर वाहन की पहचान की जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले इस तरह की लापरवाही पर रोक लग सके।