| बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर नाला पार करना पटवारी को पड़ा भारी, तत्काल निलंबित |
सीधी। सीधी जिले के माटा गांव में एक बुजुर्ग किसान की पीठ पर बैठकर पानी से भरा नाला पार करने वाले पटवारी नीलेश नामदेव को प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। मामला करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है, जिसका वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार पटवारी नीलेश नामदेव किसान ललवा केवट की फसल और घर को जंगली जानवरों से हुए नुकसान का सर्वे करने माटा गांव पहुंचे थे। किसान के खेत तक पहुंचने के रास्ते में पानी से भरा नाला था। आरोप है कि नाला पार करते समय पटवारी ने अपने जूते गीले होने से बचाने के लिए बुजुर्ग किसान की पीठ पर बैठकर नाला पार किया।
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। प्रशासन ने प्रथम दृष्टया पटवारी के इस व्यवहार को असंवेदनशील और अपमानजनक माना। इसके बाद एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक ने पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने सरकारी कर्मचारियों के आमजन के प्रति व्यवहार और संवेदनशीलता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।