| तिलया में हथियारबंद बदमाशों का धावा, महिला को बंधक बनाकर 40 लाख की लूट |
हनुमना/मऊगंज। हाटा चौकी अंतर्गत तिलया गांव में हथियारबंद बदमाशों ने एक महिला को कट्टा, रिवाल्वर, गड़ासा और तलवार की नोक पर बंधक बनाकर करीब 40 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार तिलया निवासी बेबी साहू (38) पति अनिल कुमार साहू अपने नाबालिग बेटे के साथ घर में थीं। उनके पति किसी काम से बाहर गए हुए थे। बताया गया कि 3 सितंबर की रात करीब 11 बजे दो बदमाश बाइक से दवाई लेने के बहाने अंकुर मेडिकल स्टोर पहुंचे। कुछ देर बाद उनके अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। बदमाशों की संख्या करीब 5 से 7 बताई जा रही है। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। उनके पास कट्टा, रिवाल्वर, गड़ासा और तलवार जैसे हथियार थे। महिला को डराने के बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया और रात करीब 11 बजे से 1 बजे तक बंधक बनाए रखा गया।
जेवर, नकदी और मेडिकल स्टोर का सामान ले गए
बदमाशों ने घर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी के साथ मेडिकल स्टोर का सामान भी अपने कब्जे में ले लिया। पीड़िता के अनुसार लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीओपी मऊगंज शची पाठक, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं जनपद पंचायत सदस्य प्रशांत शुक्ला ने घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से लुटेरों की जल्द गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की है। घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता का माहौल है।