| नकली सोने के 12 बिस्किट देकर 3 लाख की ठगी, यूपी के अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार |
मऊगंज। नकली सोने के बिस्किट देकर करीब 3 लाख रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का मऊगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के रहने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 2 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एसडीओपी मऊगंज शची पाठक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पहले जमीन से सोना निकलने की कहानी बताकर लोगों को विश्वास में लिया जाता था। इसके बाद असली सोने का सैंपल दिखाया जाता था। सैंपल को सुनार से जांच कराने पर असली पाए जाने के बाद पीड़ितों का भरोसा और मजबूत हो जाता था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी नकली बिस्किट थमा देते थे।
फोन कर जमीन से सोना निकलने का दिया झांसा
पुलिस के अनुसार पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर निवासी राहुल सिसोदिया के मोबाइल पर 29 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने मजदूरी के दौरान जमीन से सोना निकलने की बात कहकर राहुल को झांसे में लिया। अगले दिन 30 अगस्त को राहुल के भाई निखिल और उनके दोस्त रोशन अली मऊगंज पहुंचे। यहां आरोपियों ने उन्हें असली सोने का एक सैंपल दिखाया। सैंपल की सुनार से जांच कराई गई तो वह असली निकला। इसके बाद आरोपियों ने करीब 100-100 ग्राम वजन के 12 बिस्किट बताकर उन्हें 5 लाख रुपए में बेचने का सौदा किया। 31 अगस्त को बाबा ढाबा के पास आरोपियों ने सोने जैसे दिखने वाले 12 टुकड़े राहुल पक्ष को दिए और बदले में 3 लाख रुपए नकद ले लिए।
जांच में खुली पोल, सभी बिस्किट निकले पीतल के
देवेन्द्रनगर पहुंचने के बाद जब इन टुकड़ों की जांच कराई गई तो पूरा मामला सामने आ गया। सभी बिस्किट सोने के नहीं बल्कि पीतल के टुकड़े निकले। इसके बाद फरियादी ने आरोपियों से संपर्क बनाए रखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
2 लाख देने के बहाने बुलाया, पुलिस ने बिछाया जाल
फरियादी ने आरोपियों को बताया कि बाकी 2 लाख रुपए देने के लिए वह तैयार है। इसके बाद 3 सितंबर को आरोपियों को मऊगंज बुलाया गया। पुलिस ने पहले से जाल बिछाकर उनकी घेराबंदी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी कार से भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बलेनो कार डगडौआ गांव के पास नाले में फंस गई, जहां पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
वहीं, दो अन्य आरोपी मौके से निकलकर नए बस स्टैंड पहुंचे और मिर्जापुर जाने वाली बस में सवार हो गए। पुलिस ने पीछा करते हुए दोनों को बस से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.50 लाख रुपए नकद बरामद किए। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।