![]() |
| जन्माष्टमी की रात रीवा में दोहरा हत्याकांड, पति ने पत्नी और 16 वर्षीय बेटी को उतारा मौत के घाट |
रीवा। जन्माष्टमी की रात रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के कोठी गांव में हुई दोहरी हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पारिवारिक और जमीन विवाद के बीच एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 16 वर्षीय बेटी पर मूसल से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति रविशंकर मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात परिवार में जमीन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित रूप से आपा खो दिया और अपनी पत्नी सुनैना मिश्रा तथा 16 वर्षीय बेटी खुशी मिश्रा पर मूसल से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी ने अपने भाई को वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी रविशंकर मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में जमीन और पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था और विवाद किस परिस्थिति में इतना बढ़ा, इसकी पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। एक ही घर में मां और बेटी की हत्या की खबर फैलते ही कोठी गांव में मातम छा गया। घटना ने ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले परिवार में किस बात को लेकर विवाद हुआ था। साथ ही पुलिस आरोपी के बयान और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
