मऊगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नकली सोना देकर 3 लाख ठगने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा

मऊगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नकली सोना देकर 3 लाख ठगने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा

मऊगंज। नकली सोना देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ मऊगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 2 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को धोखाधड़ी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) मऊगंज शची पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राम सिंह पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

पुलिस टीम ने सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से ठगी की वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को नकली सोना असली बताकर विश्वास में लेते थे और इसके बाद उनसे रकम ऐंठते थे। मामले में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.50 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश होने के बाद अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में की गई ठगी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने मऊगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post