सड़क गायब, पोटली में बीमार बच्चा… 3 KM पैदल चला परिवार

सड़क गायब, पोटली में बीमार बच्चा… 3 KM पैदल चला परिवार

जवा/रीवा। बारिश ने रीवा के जवा जनपद की ग्रामीण व्यवस्था की ऐसी तस्वीर सामने ला दी, जिसने विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोनीकलां पंचायत के पौखरी टोला में सड़क का हिस्सा पानी में समाने के बाद गांव तक वाहनों की पहुंच बंद हो गई। इसी बीच एक 10 से 12 वर्षीय बच्चे की तबीयत बिगड़ी तो परिजनों के सामने उसे अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया। वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका, इसलिए परिजनों ने बीमार बच्चे को कपड़े की पोटली में बांधा, कंधे पर उठाया और करीब 2 से 3 किलोमीटर तक पानी और बदहाल रास्ते के बीच पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचे। वहां से बच्चे को मोटरसाइकिल के जरिए अस्पताल ले जाया गया।

नहर ने निगली सड़क, गांव का संपर्क टूटा

ग्रामीणों के मुताबिक मिनी बाणसागर नहर का हिस्सा सड़क में समाने के बाद पौखरी टोला का संपर्क प्रभावित हुआ है। बारिश बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि कोनीकलां पंचायत की आबादी करीब 6 से 7 हजार है, लेकिन बारिश के दिनों में कई टोले संपर्क से कट जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बीमार मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को होती है। आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचना भी ग्रामीणों के लिए संघर्ष बन जाता है।

सवाल विकास के दावों पर

एक बीमार बच्चे को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिवार को सड़क के अभाव में तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़े, तो यह सिर्फ एक परिवार की परेशानी नहीं बल्कि ग्रामीण परिवहन और बुनियादी सुविधाओं पर बड़ा सवाल है। जब हजारों की आबादी वाले गांव में बारिश के दौरान सुरक्षित सड़क और वाहन पहुंचने का रास्ता नहीं बचता, तो विकास के दावे आखिर जमीन पर कितने मजबूत हैं?

Post a Comment

Previous Post Next Post