![]() |
| अतिवृष्टि के चलते रीवा जिले के सभी स्कूल आज बंद, कलेक्टर के निर्देश-आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई |
रीवा - जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर रीवा नरेंद्र सूर्यवंशी के निर्देश पर आज दिनांक 20 अगस्त 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी विद्यालयों में आज शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय आदेश के बावजूद खुला पाया जाता है अथवा विद्यार्थियों को विद्यालय बुलाया जाता है, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि अतिवृष्टि एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें तथा नदी, नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि बाढ़ अथवा अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में बेवजह आवाजाही न करें। नदी-नालों में उफान अथवा तेज बहाव की स्थिति में जोखिम लेकर आवागमन करने से बचें। प्रशासन ने विशेष रूप से लोगों से पिकनिक अथवा पर्यटन के नाम पर जलभराव और नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करने की अपील की है। प्रशासन की अपील है कि संकट की इस घड़ी में लोग एक-दूसरे की मदद करें। यदि कोई व्यक्ति बाढ़ या जलभराव में फंसा दिखाई देता है तो तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा बचाव दल को सूचना दें और मानवीय संवेदना के साथ हरसंभव मदद करें।
प्रशासन का संदेश स्पष्ट है- अतिवृष्टि के दौरान सावधानी ही सुरक्षा है। आदेश का पालन करें, जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहें और आपदा की स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें।
