कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारी कर रहे मूंग उपार्जन कार्य की लगातार निगरानी

कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारी कर रहे मूंग उपार्जन कार्य की लगातार निगरानी

सीहोर - कलेक्टर श्री बालागुरु के. के निर्देश पर जिले में पंजीकृत किसानों से मूंग उपार्जन का कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के सभी संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग एवं मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी मूंग उपार्जन केन्द्रों एवं गोदामों का सतत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों द्वारा उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। इस दौरान तौल कांटों की व्यवस्था, किसानों की उपज की तौल, उपार्जित मूंग के सुरक्षित भंडारण, परिवहन, भुगतान सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उपार्जन केन्द्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी उपज का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर उपार्जन किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों से भी चर्चा की जा रही है तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी लेकर उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। किसानों को उपार्जन प्रक्रिया, स्लॉट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है। कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मूंग उपार्जन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सभी पंजीकृत पात्र किसानों से उनकी मूंग उपज का उपार्जन सुनिश्चित किया जाए। उपार्जन केन्द्रों पर तौल, परिवहन एवं भंडारण की व्यवस्थाएं व्यवस्थित रहें तथा किसानों को उनकी उपज के भुगतान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

कलेक्टर श्री बालागुरु के द्वारा उपार्जन प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के उपार्जन केन्द्रों का निरंतर निरीक्षण करते रहें और किसानों से संबंधित किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराएं। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के प्रत्येक पंजीकृत किसान को अपनी मूंग उपज का विक्रय करने में सुविधा मिले और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post