![]() |
| सपाक्स पार्टी रीवा ने जारी की पदाधिकारियों की अधिकृत सूची, फर्जी व्हाट्सऐप ग्रुप और चंदा वसूली से सावधान रहने की अपील |
रीवा - सपाक्स पार्टी जिला रीवा की ओर से जिले के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में रीवा जिले में पार्टी का आधिकारिक प्रतिनिधित्व निर्धारित पदाधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। पार्टी की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना, अनधिकृत सदस्यता अभियान अथवा चंदा वसूली से सावधान रहें। जारी सूचना के अनुसार डॉ. तोषण सिंह जिला अध्यक्ष, जबकि इंजीनियर संजय सिंह एवं हिमांशु शुक्ला संभागीय प्रभारी के रूप में पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पार्टी ने कहा है कि इन पदाधिकारियों के अलावा यदि कोई व्यक्ति सपाक्स पार्टी के नाम से व्हाट्सऐप ग्रुप बनाता है, भ्रामक जानकारी प्रसारित करता है, सदस्यता अभियान चलाता है अथवा पार्टी के नाम पर चंदा वसूलता है तो उसकी गतिविधियों की जिम्मेदारी अधिकृत पदाधिकारियों की नहीं होगी।
पार्टी की ओर से नागरिकों से ऐसे किसी भी व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल जानकारी अधिकृत पदाधिकारियों अथवा जिला कार्यालय को देने की अपील की गई है, ताकि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके। सूचना में विशेष रूप से चंदा वसूली को लेकर भी सावधानी बरतने की बात कही गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जिला कार्यकारिणी की ओर से पार्टी के लिए चंदा लेने हेतु केवल अधिकृत व्यक्ति को ही सहयोग राशि दी जाए। किसी अनधिकृत व्यक्ति को पार्टी के नाम पर राशि नहीं देने की अपील की गई है।
पार्टी ने नागरिकों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि संगठन के हित में अधिकृत पदाधिकारियों और अधिकृत माध्यमों से ही संपर्क एवं सहयोग किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली पार्टी से संबंधित किसी भी सूचना की पुष्टि अधिकृत पदाधिकारियों से करने की सलाह दी गई है। सपाक्स पार्टी जिला रीवा की ओर से जारी इस सूचना का उद्देश्य पार्टी के नाम पर होने वाली संभावित भ्रामक गतिविधियों और अनधिकृत चंदा वसूली पर रोक लगाना बताया गया है।
