सेमरिया पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार: पूर्वा वॉटरफॉल के पास ढाबे में दबिश, 82 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

सेमरिया पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार: पूर्वा वॉटरफॉल के पास ढाबे में दबिश, 82 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

रीवा/सेमरिया - क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए रीवा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सेमरिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पूर्वा वॉटरफॉल के पास स्थित एक ढाबे में अचानक रेड कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध देशी, अंग्रेजी और बियर शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई रीवा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।

मुखबिर की सटीक सूचना पर रेड कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सेमरिया में पदस्थ ASI रामशिरोमणि सिंह को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि पूर्वा वॉटरफॉल के पास स्थित 'स्वर्ण लोक ढाबा' का संचालक अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब रखकर बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मुखबिर के बताए स्थान (स्वर्ण लोक ढाबा) पर दबिश दी। पुलिस की मौजूदगी देखते ही ढाबा संचालक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पुलिस स्टाफ की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रिंस कुशवाहा (पिता राहुल कुशवाहा, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम बेलहा, थाना सेमरिया, जिला रीवा) बताया।

82 लीटर से अधिक शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

जब पुलिस टीम ने ढाबे की गहन तलाशी ली, तो अंदर से कुल 82.99 लीटर अवैध देशी, अंग्रेजी शराब और बियर बरामद हुई।

  • जब्त शराब की कुल कीमत: लगभग ₹44,936 रुपये।

  • कार्रवाई: पुलिस ने मौके से ही अवैध शराब को जब्त करते हुए आरोपी प्रिंस कुशवाहा को नियम अनुसार गिरफ्तारी की वजह बताकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना देने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post