![]() |
| नईगढ़ी में एक करोड़ से अधिक के विवाह घर की खुली पोल, बनने से पहले ही भरभराकर गिरे 6 पिलर और दीवार |
मऊगंज - जिले के नईगढ़ी नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 8 में एक करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से बन रहे सर्वसुविधायुक्त विवाह घर का हिस्सा बारिश के बाद धराशायी हो गया। करीब 6 पिलर समेत दीवार गिरने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गनीमत रही कि घटना के वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, विवाह घर का निर्माण पिछले एक साल से अधिक समय से दिनेश मिश्रा कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा था। शुक्रवार देर रात हुई बारिश के बाद निर्माणाधीन भवन का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी मापदंडों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं।
नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश कुमार सोनवानी ने बताया कि उनकी हाल ही में नईगढ़ी में पदस्थापना हुई है। निरीक्षण के दौरान उन्हें निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं लगी थी। उन्होंने गुणवत्ता को लेकर संयुक्त संचालक रीवा को पत्र भेजकर जांच की मांग भी की थी। अब भवन का हिस्सा गिरने के बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पार्षद महेश प्रसाद पटेल ने नगर परिषद के कई निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी की शिकायतें सामने आने का आरोप लगाते हुए सभी निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच की मांग की है।
कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी कमलेश पटेल ने कहा कि निर्माण में तकनीकी मापदंडों का ध्यान नहीं रखा गया और गुणवत्ता विहीन काम के कारण भवन का हिस्सा धराशायी हुआ। वहीं उपयंत्री अनिल मिश्रा और नगरीय प्रशासन के कार्यपालन यंत्री हरिशंकर से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। ठेकेदार का मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने तकनीकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की बात कही है।
