| नाले में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत, 500 मीटर दूर झाड़ियों में मिले शव |
मऊगंज - जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के हर्दी तिवारियान गांव में शनिवार शाम नहाने गए दो किशोरों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों 15 अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नदी में नहाने गए थे। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों गहराई में चले गए और डूब गए। रविवार सुबह पुलिस एवं SDRF की टीम ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए। जानकारी के अनुसार प्रकाश सिंह (14), पिता सुरेंद्र सिंह और ऋतिक मिश्रा (13), पिता राजकुमार मिश्रा, निवासी हरदी तिवारियान, नईगढ़ी के संस्कारधानी विद्यालय में कक्षा छठवीं के छात्र थे। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों घर पहुंचे और भोजन करने के बाद नहाने के लिए नदी की ओर चले गए।
नदी में पानी अधिक होने और तेज बहाव के चलते दोनों गहरे पानी में चले गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक दोनों का पता नहीं चला। रात में अंधेरा होने के कारण SDRF की सर्चिंग रोक दी गई। रविवार सुबह SDRF ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 6 बजे प्रकाश सिंह का शव बरामद कर लिया गया। वहीं दूसरे किशोर ऋतिक मिश्रा का शव करीब 11:45 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला।
SDRF के अनुसार नदी का रास्ता काफी संकरा और दुर्गम था, जिससे रेस्क्यू बोट से सर्चिंग में परेशानी हो रही थी। टीम ने पानी में उतरकर कॉम्बिंग की और करीब पांच घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दूसरे किशोर का शव बरामद किया। नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद तिवारी ने बताया कि दोनों शव पुलिस के सुपुर्द किए गए हैं। मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजा जाएगा।