49 वर्षों से जारी है भोरमदेव कांवड़ यात्रा, छत्तीसगढ़िया कांवरिया संघ को तिलक लगाकर किया रवाना

49 वर्षों से जारी है भोरमदेव कांवड़ यात्रा, छत्तीसगढ़िया कांवरिया संघ को तिलक लगाकर किया रवाना

थान खम्हरिया - नगर के छत्तीसगढ़िया कांवरिया संघ द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी पवित्र कुटी धाम से जल लेकर भोरमदेव में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रोशन सिन्हा ने कांवरियों को तिलक लगाकर एवं शुभकामनाएं देते हुए कांवड़ यात्रा के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मनहरण सिन्हा एवं हरि शरण क्षत्रिय सहित नगर के श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। धार्मिक उत्साह के बीच कांवरियों ने भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ यात्रा प्रारंभ की। कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस यात्रा में छोटे-छोटे बच्चे भी नंगे पांव कावर लेकर चलते हैं

छत्तीसगढ़िया कांवरिया संघ द्वारा भोरमदेव के लिए की जाने वाली यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र की पुरानी धार्मिक परंपराओं में से एक है। संघ के सदस्यों द्वारा लगातार 49 वर्षों से पवित्र कुटी धाम से जल लेकर भोरमदेव पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जा रहा है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा ने क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा में शामिल होते हैं।

कांवरियों ने बताया कि कुटी धाम से जल लेकर भोरमदेव पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करना उनके लिए आस्था और श्रद्धा का विषय है। यात्रा के दौरान भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो जाता है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ यात्रा पूरी कर भोरमदेव पहुंचते हैं और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने कांवरियों की सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। 49 वर्षों से निरंतर जारी यह कांवड़ यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए भी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश देती आ रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post