![]() |
| कौशांबी में बारूद का कहर: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 3 की मौत; 20 से ज्यादा घायल |
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना जबरदस्त था कि पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई। आसपास के करीब 5 से 7 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 20 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। घटना मनौरी के थाना पुरामुफ्ती क्षेत्र में प्रयागराज-कौशांबी सीमा के पास हुई। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई है। विस्फोट के बाद फैक्ट्री से धुएं का ऊंचा गुबार उठा और आसपास का पूरा इलाका धुएं से भर गया।
फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर कर रहे थे काम
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय पटाखा फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और काफी देर तक पटाखों के धमाके होते रहे। तेज धमाके के कारण फैक्ट्री का भवन पूरी तरह ढह गया, जबकि आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा। मृतकों में 13 वर्षीय प्रवीण और 5 वर्षीय प्रियांशी समेत तीन लोगों के शामिल होने की सूचना है। हालांकि प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
चारपाई पर घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे लोग
धमाके के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव में जुटते हुए घायलों को चारपाई पर लिटाकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार चार घायलों को चारपाई के जरिए एसआरएन अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रेस्क्यू में जुटीं पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें
विस्फोट की सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान में जुटी हैं। आग पूरी तरह बुझाने के साथ फैक्ट्री के मलबे को हटाने का काम भी किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। धमाके की तीव्रता को देखते हुए आसपास के इलाके में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
सीएम योगी ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने, मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की है। हादसे के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि पटाखा निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन कितना सुनिश्चित किया जा रहा था। हादसे की पूरी तस्वीर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने और प्रशासनिक जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।
