| डकैती और एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में फरार 10,500 रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार |
रीवा। मनगवां पुलिस ने डकैती और एनडीपीएस एक्ट के दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 10,500 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों मामलों में अलग-अलग इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनगवां श्रीमती प्रतिभा शर्मा के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना प्रभारी मनगवां निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हनुमन्त सिंह उर्फ आदर्श पिता चन्द्रहास उर्फ चन्द्रेश सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बेलवा पैकान, थाना मनगवां, जिला रीवा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना मनगवां में दो मामले दर्ज थे। इनमें एक मामले में फरियादी/पीड़ित के साथ मारपीट कर अपने साथियों के साथ डकैती करने का आरोप था, जबकि दूसरे मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज था। दोनों मामलों में घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
आरोपी की लगातार तलाश के बावजूद उसके हाथ नहीं आने पर पुलिस अधीक्षक रीवा द्वारा दोनों प्रकरणों में उसकी गिरफ्तारी के लिए कुल 10,500 रुपये का नगद इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम के अथक प्रयास के बाद आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक राममिलन प्रजापति, प्रधान आरक्षक 559 बलराम पासी, प्रधान आरक्षक 1184 विष्णुदत्त पाण्डेय, प्रधान आरक्षक 713 आशीष सिंह, आरक्षक 401 अमरीश सिंह एवं आरक्षक 34 शिवेन्द्र मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।