पड़िया को डंडा मारने से रोका तो महिला और बेटे पर लाठियों से हमला: नईगढ़ी के खटखरी में सिर फोड़ा

पड़िया को डंडा मारने से रोका तो महिला और बेटे पर लाठियों से हमला: नईगढ़ी के खटखरी में सिर फोड़ा

रीवा - नईगढ़ी थाना क्षेत्र के खटखरी गांव में पड़िया (भैंस के बच्चे) को डंडे से मारने से रोकना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने पहले महिला के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर डंडे से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के बेटे के सिर पर भी डंडे से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, खटखरी गांव निवासी निर्मला जायसवाल (50) बुधवार शाम अपने घर के पास अपनी पड़िया चरा रही थीं। इसी दौरान गांव का राघव जायसवाल वहां पहुंचा और पड़िया को लाठी से मारने लगा। निर्मला ने इसका विरोध करते हुए पड़िया को मारने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर राघव ने महिला के साथ अशोभनीय गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने कथित तौर पर हाथ में लिए डंडे से उसके साथ मारपीट कर दी। महिला के शोर मचाने पर उसका बेटा आकाश जायसवाल बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि राघव ने आकाश के सिर पर भी डंडे से वार कर दिया, जिससे उसके सिर में खून बहने लगा।

शोर सुनकर गांव के लालजी जायसवाल, शिवानी जायसवाल और निशा जायसवाल मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाया। पीड़िता के मुताबिक, जाते समय आरोपी ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में निर्मला के बाएं हाथ की गदोली और दाएं हाथ की कलाई में सूजनदार चोट आई है, जबकि आकाश के सिर में चोट लगी है। नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद तिवारी ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर पीड़ितों का उपचार कराया गया। शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।




Post a Comment

Previous Post Next Post