दूध लेने निकले 16 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में मौत: अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल से टकराई

दूध लेने निकले 16 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में मौत: अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल से टकराई 

मऊगंज - जिले के मऊगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। ग्राम चक्रभाठी, वार्ड क्रमांक-7 निवासी मोहम्मद उस्ताद खान पिता हफीज खान बाइक से दूध लेने जा रहे थे। इसी दौरान कड़ियां जेल रोड के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल मऊगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, मोहम्मद उस्ताद खान की उम्र करीब 16 वर्ष थी। मृतक के बड़े पिता मुनव्वर बख्श ने बताया कि परिवार मजदूरी का काम करता है। घटना के समय वे काम पर गए हुए थे। इसी दौरान सूचना मिली कि उनका भतीजा सड़क हादसे में घायल हो गया है। जानकारी मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

मृतक के बड़े पिता ने बताया कि मोहम्मद उस्ताद  दूध लेने के लिए बाइक से निकला था। रास्ते में बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई और विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत मृत्यु घोषित कर दिया घटना की सूचना मऊगंज थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए सड़क हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। 16 वर्षीय किशोर की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Post a Comment

Previous Post Next Post