बीजेपी में सब ठीक है? विधायक सिद्धार्थ तिवारी का वीडियो वायरल, सिरमौर विधायक पर टिप्पणी से गरमाई सियासत

बीजेपी में सब ठीक है? विधायक सिद्धार्थ तिवारी का वीडियो वायरल, सिरमौर विधायक पर टिप्पणी से गरमाई सियासत

रीवा - विंध्य की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सतह पर आ गई है। त्यौंथर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक न होने के संकेतों को हवा दे दी है। वायरल वीडियो में सिद्धार्थ तिवारी पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान पड़ोसी सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के तीन बार के विधायक के कामकाज और शैली पर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि उनका सीधा इशारा सिरमौर के वरिष्ठ भाजपा विधायक दिव्यराज सिंह की ओर था। अपने क्षेत्र के विकास कार्यों की पैरवी करते-करते सहकर्मी विधायक पर की गई यह अप्रत्यक्ष टिप्पणी अब भाजपा की अंदरूनी खींचतान के रूप में देखी जा रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद रीवा के राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। विरोधी खेमे का कहना है कि अनुशासित मानी जाने वाली भाजपा भी अब गुटबाज़ी के मकरजाल में उलझती दिख रही है। हालांकि, इस पूरे विवाद पर अब तक न तो विधायक सिद्धार्थ तिवारी का कोई आधिकारिक बयान आया है और न ही विधायक दिव्यराज सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया जारी की गई है। फिलहाल, यह वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है और भाजपा नेतृत्व के लिए सिरदर्दी बनता नजर आ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post