बिजली कटौती पर हिनौता पावर हाउस का घेराव: कांग्रेस और किसानों का उग्र प्रदर्शन, तीन दिन में सुधार का मिला आश्वासन

बिजली कटौती पर हिनौता पावर हाउस का घेराव: कांग्रेस और किसानों का उग्र प्रदर्शन, तीन दिन में सुधार का मिला आश्वासन 

रीवा - जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हिनौता पावर हाउस में अघोषित और घंटों हो रही बिजली कटौती से आक्रोशित किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शाहपुर के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने नियमित बिजली आपूर्ति, जले हुए ट्रांसफार्मर बदलने और पर्याप्त स्टाफ की मांग को लेकर पावर हाउस का घेराव किया और धरने पर बैठ गए।

हिनौता पावर हाउस से जुड़े 20 से अधिक गांवों में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस समय धान की रोपाई का सीजन चल रहा है, लेकिन बिजली न मिलने के कारण खेती बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वहीं, भीषण उमस और रात में अंधेरे के कारण आम नागरिक और ग्रामीण बेहद परेशान हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धरना स्थल पर पहुंचे विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री अभिषेक गौरव सोनी ने स्वीकार किया कि स्टाफ की कमी के कारण समस्याएं आ रही हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि तीन दिनों के भीतर फॉल्ट सुधारने और जले हुए सभी ट्रांसफार्मरों को बदलने का काम पूरा कर लिया जाएगा।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद कांग्रेस नेताओं और किसानों ने विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपा। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय तीन दिनों की समय-सीमा के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और उग्र होगा और वे जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post