छात्रों के शांतिपूर्ण धरने पर लाठीचार्ज निंदनीय - सुभाष मिश्रा

छात्रों के शांतिपूर्ण धरने पर लाठीचार्ज निंदनीय - सुभाष मिश्रा 

रीवा - भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महासचिव एवं किसान नेता श्री सुभाष मिश्रा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। श्री मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का बल प्रयोग, विशेष रूप से महिलाओं और बेटियों के साथ कथित बदसलूकी एवं मारपीट, अत्यंत गंभीर और निंदनीय विषय है। उन्होंने कहा कि देश के छात्र अपने भविष्य और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। सरकार को उनकी समस्याओं को सुनकर संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए, न कि उनके विरुद्ध पुलिस बल का प्रयोग करना चाहिए। श्री मिश्रा ने कहा छात्र देश का भविष्य हैं और बेटियां देश का गौरव हैं। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज तथा महिलाओं और बेटियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ तत्काल संवाद स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन हुआ है या महिलाओं एवं छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया है, तो पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि शिक्षा, परीक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दे अत्यंत संवेदनशील हैं। इनका समाधान लाठी और बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही से किया जाना चाहिए। श्री मिश्रा ने केंद्र सरकार से मांग की कि छात्रों की मांगों पर तत्काल गंभीरता से विचार करते हुए उनके प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाए और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का स्थायी एवं न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।


Post a Comment

Previous Post Next Post