| पनामा लैटिन अमेरिका का प्रवेश द्वार, संबंध मजबूत करने पर जोर |
नई दिल्ली - विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में पनामा के अपने समकक्ष जेवियर मार्टिनेज-अचा वास्केज के साथ एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक की। पांच दिवसीय भारत यात्रा पर आए पनामा के विदेश मंत्री के साथ इस वार्ता में दोनों देशों के बीच व्यापार, समुद्री मामलों, स्वास्थ्य और डिजिटल प्रौद्योगिकी के मोर्चे पर रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को एक नए युग में ले जाने की प्रतिबद्धता जताई। डॉ. जयशंकर ने पनामा को लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के लिए भारत का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बताया। जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा आज नई दिल्ली में पनामा के विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेज़-अचा वास्केज़ से मिलकर खुशी हुई। लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के लिए प्रवेश द्वार के तौर पर पनामा के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करने के महत्व पर ज़ोर दिया। हमारी व्यापक बातचीत में व्यापार, कारोबार, विकास, समुद्री मामलों, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और डिजिटल सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। साथ ही, बहुपक्षीय मंचों पर हमारे सहयोग के बारे में भी बात हुई।
विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार वास्केज के साथ बैठक के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने प्रारंभिक संबोधन में कहा मेरा मानना है कि हमारी सरकारें और हमारे नेता हमारी साझेदारी को गहरा और व्यापक बनाने के लिए बहुत उत्सुक हैं। हम निश्चित रूप से पनामा के साथ करीबी संबंध चाहते हैं, क्योंकि आप भारत जैसे साझेदार के लिए रणनीतिक स्थान के साथ-साथ जबरदस्त आर्थिक स्थिरता और क्षमता भी प्रदान करते हैं।
जयशंकर ने कहा पनामा नहर के कारण आपका लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर निश्चित रूप से एक वैश्विक मिसाल कायम करता है। हमने देखा है कि आपकी विकास दर लगातार ऊंची रही है। और जैसे-जैसे हम 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर विकास की गति तेज कर रहे हैं, हमें लगता है कि हमारे द्विपक्षीय संबंध और भी महत्वपूर्ण हो जाएंगे। उन्होंने कहा हमने संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय मंचों पर भी मिलकर काम किया है। पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद हमारे आत्मरक्षा के अधिकार के प्रति एकजुटता और समर्थन व्यक्त करने के लिए, और आतंकवाद के सभी रूपों और तरीकों की स्पष्ट निंदा करने के लिए आपको और पनामा सरकार को धन्यवाद।