रीवा फ्लाईओवर पर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश: फंदा टूटने से नीचे गिरा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

रीवा फ्लाईओवर पर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश: फंदा टूटने से नीचे गिरा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र स्थित समान तिराहे के पास बुधवार को आत्महत्या के प्रयास की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहाँ एक युवक ने फ्लाईओवर पर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन फंदा टूट जाने के कारण वह सीधे फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना में घायल युवक की पहचान मनसुख लाल साकेत के रूप में हुई है, जो सेमरिया क्षेत्र के हनुमानगढ़ का निवासी है। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के वक्त युवक अत्यधिक नशे की हालत में था। परिजनों के अनुसार, वह घटना से एक दिन पहले ही मुंबई से वापस लौटा था।

युवक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने घर पर मारपीट की थी और उसका स्वभाव काफी शक्की किस्म का था। घटना की सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवक के इस कदम उठाने के पीछे के असली कारणों और पारिवारिक विवाद की गहराई से जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post