| सोनम वांगचुक और अभिजीत दीपके की जान खतरे में...' उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान, राहुल गांधी और बीजेपी से आंदोलन के समर्थन की अपील |
मुंबई - शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभिजीत दीपके के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया है। ठाकरे ने देश के सभी राजनीतिक दलों, खासकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बीजेपी के नेताओं से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस राष्ट्रहित के मुद्दे पर एकजुट होने का आह्वान किया है।
'सोनम वांगचुक की तबीयत खराब, अनशन तोड़ें'
उद्धव ठाकरे ने चिंता जताते हुए कहा कि सोनम वांगचुक और अभिजीत दीपके पिछले 16 दिनों से आमरण अनशन पर हैं, लेकिन सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने पर्यावरणविद् जीडी अग्रवाल का उदाहरण देते हुए कहा, "आपको याद होगा कि जीडी अग्रवाल ने गंगा नदी के लिए 114 दिन अनशन किया था, लेकिन तत्कालीन सरकार ने ध्यान नहीं दिया और उनकी मौत हो गई। उसी तरह सोनम वांगचुक की तबीयत भी लगातार खराब हो रही है। देश को उनके जैसे लोगों की जरूरत है।" ठाकरे ने हाथ जोड़कर वांगचुक से दिल्ली में चल रहा अपना अनशन तोड़ने की भावुक अपील भी की।
राहुल गांधी और बीजेपी नेताओं को भी जाना चाहिए
अभिजीत दीपके के आंदोलन का जिक्र करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह देश के हजारों छात्रों के भविष्य की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने नीट (NEET) परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा निशाना साधा। ठाकरे ने कहा, "विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लगा है और सरकार विदेश दौरों में व्यस्त है। 20 तारीख को अभिजीत ने जो मोर्चा आयोजित किया है, उसे दबाने की कोशिश हो रही है। मेरा कहना है कि वहां राहुल गांधी को भी जाना चाहिए और भाजपा के नेताओं को भी जाना चाहिए, क्योंकि यह राजनीति का नहीं बल्कि देश का विषय है।"
18 जुलाई को नागपुर में 'राम रक्षा आंदोलन'
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उद्धव ठाकरे ने राम मंदिर के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार और लूट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर में सफल आयोजन के बाद, अब आगामी 18 जुलाई को वह खुद नागपुर जाएंगे और वहां 'राम रक्षा आंदोलन' का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को सोते नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने शोषण और लूटपाट के खिलाफ जागना होगा।
सड़कों के गड्ढों पर गडकरी को घेरा
ठाकरे ने महाराष्ट्र की बदहाल सड़कों और गड्ढों को लेकर भी राज्य व केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर तंज कसते हुए कहा कि सालों से सड़कों के नाम पर खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है, यह गडकरी का काम है लेकिन वे केवल इथेनॉल की बातें कर रहे हैं।