बेतरतीब रोड क्रॉस कर रहे छात्रों को टीआई राधा यादव ने बताए ट्रैफिक रूल्स

अचानक वाहनों के सामने आने पर हो सकता है एक्सीडेंट भी

इंदौर। भीड़ भरे और व्यस्ततम चौराहों पर ट्रैफिक को सुचारू चलाने के साथ ही पुलिस युवाओं को ट्रैफिक के नियम भी समझ रही है। ऐसा ही कुछ विजय नगर चौराहे पर शुक्रवार को देखा गया। यहां बेतरतीब रोड क्रॉस कर रहे छात्रों को टीआई राधा यादव ने जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने के लिए समझाइश दी। साथ ही यह भी समझाया कि इस प्रकार वाहनों के सामने अचानक आने से एक्सीडेंट का भय रहता है। हादसे में वाहन चालक को भी भारी नुकसान हो सकता है।

जानकारी अनुसार शुक्रवार को विजय नगर चौराहे पर ट्रैफिक को सुचारू चलाने के लिए टीआई राधा यादव अपनी टीम के साथ तैनात रहीं। तभी उन्होंने देखा कि कुछ छात्र चलते हुए ट्रैफिक के बीच में से सड़क क्रॉस कर रहे हैं। टीआई राधा यादव ने तुरंत उन्हें हाथ पकड़ कर सड़क के एक किनारे किया और समझाइश कि इस प्रकार ट्रैफिक में बाधा बनने पर एक्सीडेंट हो सकता है। अचानक गाड़ी के सामने आ जाने पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ सकता है और एक साथ कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। टीआई यादव ने छात्रों को समझाइश दी कि ग्रीन सिग्नल की स्थिति में सड़क क्रॉस करें। साथ ही सड़क पार करने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें। पैदल राहगीर आसानी से सड़क पार कर सकें, इसलिए सड़कों पर यह जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाती है। टीआई राधा यादव द्वारा दी समझाइश पर छात्रों ने उन्हें धन्यवाद दिया। 

वाहन चालकों को भी नियमानुसार चलने के लिए कहा 

अपने गंतव्य तक जल्दी पहुंचने की कोशिश कर रहे बाइक चालकों को भी ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का पालन करने के लिए कहा। यह भी समझाइश कि इस प्रकार से वाहन चलाने से न केवल सड़क पर चल रहे अन्य लोगों बल्कि स्वयं वाहन चालक को भी खतरा हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस का यह व्यवहार देख सभी वाहन चालक आश्चर्यचकित दिखे। कुछ लोगों ने पुलिस की समझाइश का वीडियो भी मोबाइल में कैद किया।



Post a Comment

Previous Post Next Post