| आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र पूर्वा-2 में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन |
रीवा - ग्रामीण अंचल की महिलाओं, पुरुषों और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र पूर्वा क्रमांक 2 में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह विशेष आयोजन आंगनबाड़ी केंद्र की सक्रिय कार्यकर्ता वीणा पाणि चतुर्वेदी के प्रयासों से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरोह फाउंडेशन के वित्तीय साक्षरता असिस्टेंट काउंसलर श्री संतोष कुमार मिश्र उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय शिक्षक श्री रामकुमार गोस्वामी ने की।
शासकीय योजनाओं के लिए बैंक खाता और केवाईसी अनिवार्य शिविर की शुरुआत करते हुए मुख्य अतिथि संतोष कुमार मिश्र ने उपस्थित ग्रामीणों का अभिवादन किया और बिंदुवार सरकारी बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की किसी भी शासकीय योजना का सीधा लाभ पाने के लिए बैंक खाता होना अनिवार्य है। जिन ग्रामीणों के खाते अभी तक नहीं खुले हैं, वे तुरंत नजदीकी बैंक में खाता खुलवाएं। इसके साथ ही उन्होंने पुराने खाताधारकों को अपने खातों में तत्काल केवाईसी (KYC) कराने, नामिनी (उत्तरावर्ती) का नाम दर्ज कराने और मोबाइल नंबर लिंक कराने की सलाह दी, ताकि खाते में होने वाले हर लेनदेन की जानकारी समय पर मैसेज के जरिए मिलती रहे।
जन सुरक्षा योजनाओं से सुरक्षित करें भविष्य श्री मिश्र ने सरकार द्वारा संचालित तीन प्रमुख जन सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तार से समझाया:
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY): महज 20 रुपये के सालाना प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलता है। कमाऊ सदस्य की असमय मृत्यु होने पर यह राशि गरीब परिवार के लिए बड़ा संबल बनती है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY): 18 से 50 वर्ष की आयु के लोग इसका लाभ ले सकते हैं। इसमें 436 रुपये सालाना प्रीमियम कटता है और सामान्य मृत्यु की स्थिति में भी नामिनी को 2 लाख रुपये मिलते हैं।
अटल पेंशन योजना (APY): 18 से 40 वर्ष के महिला-पुरुष इसे बैंक से शुरू करा सकते हैं। 60 वर्ष की आयु के बाद जीवनभर पेंशन मिलती है। आवेदक के बाद नामिनी और उसके भी न रहने पर बच्चों को ₹8,50,000 की एकमुश्त राशि दी जाती है। इसे उन्होंने 'बुढ़ापे की लाठी' बताया।
मेधावी छात्रों के लिए बिना गारंटी का एजुकेशन लोन शिविर में शिक्षा के क्षेत्र में मिलने वाली वित्तीय मदद की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिन छात्र-छात्राओं ने कक्षा 12वीं में 85% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है (शासकीय नौकरी या जमीन न के बराबर है), उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बैंक के माध्यम से 4 लाख 50 हजार रुपये तक का एजुकेशन लोन बिना किसी गारंटी के दिया जाएगा। यह राशि छात्र के आत्मनिर्भर होने के बाद धीरे-धीरे आसान किश्तों में लौटानी होगी।
साइबर अपराधों के प्रति किया सजग बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को फोन पर अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी, एटीएम पिन या मोबाइल पर आने वाला ओटीपी (OTP) बिल्कुल भी शेयर न करें।
आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र की सराहना समारोह के दौरान श्री मिश्र ने केंद्र की कार्यकर्ता वीणा पाणि चतुर्वेदी के कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बेहतर बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई और सुंदर बागवानी के कारण ही यह केंद्र 'आदर्श आंगनबाड़ी' बना है, जिसे सरकार द्वारा एलईडी टीवी व अन्य आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।
अध्यक्षता कर रहे शिक्षक रामकुमार गोस्वामी ने इस आयोजन को बेहद उपयोगी बताते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का आभार जताया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायिका पुष्पा मिश्रा, आशा कार्यकर्ता गुंजन चतुर्वेदी, मंगलेश्वर चतुर्वेदी, ज्योति तिवारी सहित भारी संख्या में उपस्थित ग्रामीण महिलाओं और हितग्राहियों का विशेष योगदान रहा। अंत में कार्यकर्ता वीणा पाणि चतुर्वेदी ने सभी का आभार व्यक्त किया।