जनभागीदारी बनी विकास की मिसाल: अध्यक्ष विकास तिवारी ने निजी सहयोग से बनवाई 300 मीटर सड़क

जनभागीदारी बनी विकास की मिसाल: अध्यक्ष विकास तिवारी ने निजी सहयोग से बनवाई 300 मीटर सड़क 

रीवा - जनपद पंचायत गंगेव अंतर्गत ग्राम पंचायत हिनौती में वर्षों से रास्ते के अभाव में परेशान करीब 30 परिवारों के लिए जनपद पंचायत अध्यक्ष विकास तिवारी की पहल राहत लेकर आई है। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता था। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष विकास तिवारी ने जनभागीदारी एवं अपने निजी सहयोग से लगभग 300 मीटर लंबी और 20 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण कराया। इस कार्य में जनपद पंचायत निधि, ग्राम पंचायत निधि, विधायक निधि, सांसद निधि अथवा किसी अन्य शासकीय योजना या सरकारी मद की राशि का उपयोग नहीं किया गया। स्थानीय नागरिकों के सहयोग और अध्यक्ष की पहल से सड़क का निर्माण पूरा कराया गया।

सड़क बनने से अब लगभग 30 परिवारों के घर मुख्य मार्ग से सीधे जुड़ गए हैं। वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को अब बरसात में भी आसानी से आने-जाने की सुविधा मिलेगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र में रहने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास के नागरिकों को भी सीधा लाभ मिल रहा है। ग्रामीणों ने अध्यक्ष विकास तिवारी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए बिना किसी सरकारी निधि का इंतजार किए सड़क का निर्माण कराना जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनका कहना है कि यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही एक बड़ी समस्या का स्थायी समाधान है।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि विकास तिवारी लगातार जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हिनौती में कराया गया यह सड़क निर्माण जनभागीदारी से विकास का एक ऐसा उदाहरण है, जिसने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसहयोग से बिना सरकारी फंड के भी जनहित के महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जा सकते हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post