मऊगंज - जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। लालगंज मोड़ के पास वीरू सिंह की सरिया-सीमेंट की दुकान के सामने एक अनियंत्रित कार सड़क की पटरी से उतरी हादसे के समय सड़क से गुजर रहे तीन राहगीर बाल-बाल बच गए। यदि कुछ सेकंड का भी अंतर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार कार क्रमांक एमपी 17 जेड टी 1922 तेज गति से लालगंज मोड़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे बनी पटरी से उतर गई। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और डायल-112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक से उसके स्वास्थ्य एवं चोट संबंधी जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान चालक पुलिसकर्मियों से उलझ गया और अभद्र व्यवहार करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि चालक पुलिस से गाली-गलौज करते हुए अपनी पहचान पूछे जाने पर भी नाराज हो गया। घटना स्थल के पास दुकान संचालक वीरू सिंह ने बताया कि चालक कथित तौर पर शराब के नशे में था और वाहन काफी तेज गति में चल रहा था। उन्होंने कहा कि सड़क से गुजर रहे कई लोग समय रहते हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम दीपक मिश्रा पिता भैयालाल मिश्रा, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम भीर बताया है। पुलिस चालक को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए नईगढ़ी लेकर गई है। वही कार को बाहर निकलवाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।