| "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान की गूंज: बैकुंठपुर महाविद्यालय में हजारों युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प |
रीवा - युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत बुधवार को बैकुंठपुर महाविद्यालय में भव्य नशामुक्ति जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, गणमान्य नागरिकों एवं पुलिस प्रशासन की सहभागिता ने इसे जनजागरूकता का प्रभावी मंच बना दिया।
कार्यक्रम में सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
थाना प्रभारी बैकुंठपुर निरीक्षक श्रृंगेश सिंह राजपूत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी सामाजिक बुराई से मुक्त कर सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करना भी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व परिवार को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, बैकुंठपुर के गणमान्य नागरिक एवं थाना बैकुंठपुर का पुलिस बल बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। इस दौरान प्रधान आरक्षक अश्वनी शुक्ला, प्रधान आरक्षक मजमून खान, आरक्षक आशुतोष मिश्रा, आरक्षक शशांक यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने, नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा "नशे से दूरी है जरूरी" के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर एक स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया जा सके।