श्योपुर; महामहिम राष्ट्रपति जी के आगमन को लेकर बैठक आयोजित

श्योपुर; महामहिम राष्ट्रपति जी के आगमन को लेकर बैठक आयोजित 

श्योपुर - महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के 21 जून को श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क आगमन को लेकर तैयारियां जारी है तथा स्थानीय स्तर की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की सतत् रूप से समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में आज कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित कर विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को सौपे गये दायित्वों की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर कुमार अग्रवाल, डीएफओ कूनो श्री आर थिरूकुराल, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एडिशनल एसपी श्री प्रवीण भूरिया, एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन एवं श्री विजय शाक्य सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे। 

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति जी के दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कूनो नेशनल पार्क के तीनों गेट टिकटोली, अगरा एवं अहेरा गेटों पर सुरक्षा बढाई जायें और अभी से विशेष चैकिंग अभियान चलाया जायें। इसके साथ ही वन क्षेत्र में सर्चिग करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जायें। इस अवसर पर उन्होंने हेलीपेड की व्यवस्था सहित बेरीकेटिंग आदि के संबंध में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति जी के कूनो नेशनल उद्यान स्थित रेस्टहाउस में रात्रि विश्राम के दृष्टिगत प्रोटोकॉल अनुसार सभी प्रबंध सुनिश्चित किये जायें। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में सौपे गये दायित्वों की समीक्षा करते हुए अभी तक की प्रगति का आंकलन किया। 

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर कुमार अग्रवाल ने कहा कि कूनो नेशनल पार्क में स्थानीय स्तर के सभी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किये जा रहे है तथा तीनों गेटों पर विशेष चैकिंग अभियान शुरू किया जा रहा है, इसके पूर्व से कूनो नेशनल पार्क में सर्चिग अभियान जारी है। हेलीपेड स्थल सहित रेस्टहाउस के चारो ओर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किये जा रहे है। 

आजतक 24 के प्रशासन से सवाल

1. महामहिम राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। क्या जिला प्रशासन बता सकता है कि जिन सड़कों, बिजली, पानी और संचार व्यवस्थाओं को दौरे के लिए दुरुस्त किया जा रहा है, उनमें से कितनी समस्याएं पहले से स्थानीय नागरिकों द्वारा उठाई जा रही थीं और उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई थी?

2. राष्ट्रपति के आगमन से पहले कूनो के तीनों गेटों पर विशेष चेकिंग और सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्या इसका मतलब है कि अभी तक सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी थी? यदि नहीं, तो ऐसी कौन-सी नई सुरक्षा चिंताएं हैं जिनके कारण अचानक अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की जरूरत महसूस हुई?

3. राष्ट्रपति के दौरे के लिए हेलीपेड, बैरिकेडिंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर कितना सरकारी खर्च प्रस्तावित है? क्या प्रशासन इस पूरे खर्च का विवरण सार्वजनिक करेगा ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह राशि अस्थायी व्यवस्थाओं पर खर्च हो रही है या जिले को स्थायी लाभ देने वाले कार्यों पर?

Post a Comment

Previous Post Next Post