इंदौर - कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के बदले 4 हजार रुपए रिश्वत ले रहे जनपद पंचायत महेश्वर के उपयंत्री को लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी उपयंत्री पहले भी 4 हजार रुपए रिश्वत के ले चुका है। जानकारी अनुसार मंगन सिंह पिता स्व. नव्या सिंह मकवाने ग्राम पंचायत कांकरिया में सचिव है। उसके द्वारा ग्राम पंचायत अन्तर्गत कूप जाली का कार्य करवाया गया। मकवाने द्वारा ग्राम पंचायत में कराए कार्य का वैल्यूएशन कर कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में जनपद पंचायत महेश्वर में पदस्थ उपयंत्री मनोज सावले द्वारा मकवाने से 14 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई। उपयंत्री सावले ने पहले भी दबाव बनाकर मकवाने से 4 हजार रुपए यूपीआई के माध्यम से रिश्वत के रूप में प्राप्त कर लिए। मकवाने ने इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी इंदौर राजेश सहाय को की। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर इंस्पेक्टर आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह बघेल, आरक्षक पवन पटोरिया, आरक्षक कमलेश परिहार, आरक्षक मनीष माथुर की टीम बनाई गई। सावले को मगन सिंह मकवाने से 4 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के अंतर्गत कार्यवाही जारी है।
Tags
indore