| सीहोर: 74वें सीवन उद्धार अभियान में उमड़ा जनसैलाब, हजारों ने ली 'सीवन पुत्र-पुत्री' की शपथ Aajtak24 News |
सीहोर - जिला मुख्यालय की जीवनदायिनी सीवन नदी को स्वच्छ और अविरल बनाने के लिए चलाया जा रहा 'सीवन उद्धार अभियान' अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। अभियान के 74वें चरण के तहत 'सीवन पुत्र' की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और युवाओं को नदी को स्वच्छ रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। लोगों ने संकल्प लिया कि "न नदी को अस्वच्छ करेंगे, और न ही किसी को गंदा करने देंगे।"
वार्ड नंबर 1 में नागरिकों ने ली शपथ
अभियान की कड़ी में सीवन पुत्रों की टीम सबसे पहले वार्ड नंबर 1 पहुंची। यहाँ स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि राहुल राय की विशेष उपस्थिति में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टीम ने वार्ड वासियों को प्रेरित करते हुए संकल्प दिलाया कि वे न तो स्वयं सीवन नदी में कचरा डालेंगे और न ही किसी अन्य को डालने देंगे। इसके साथ ही, धार्मिक पूजन सामग्री को नदी में विसर्जित करने के बजाय प्रशासन द्वारा निर्धारित नियत स्थानों पर ही डालेंगे। इस दौरान उपस्थित सभी नागरिकों ने 'सीवन पुत्र' और 'सीवन पुत्री' के रूप में नदी संरक्षण का संकल्प लिया।
पीजी कॉलेज ग्राउंड पर युवाओं ने थामा हाथ
इसके बाद टीम शासकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज मैदान पहुंची। यहाँ विभिन्न खेल और प्रतियोगिताओं का अभ्यास कर रहे छात्र-छात्राओं तथा युवाओं को सीवन स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ देश की नदियों और विशेषकर सीवन नदी की पवित्रता बनाए रखने का प्रण लिया। इस अवसर पर अभियान के मार्गदर्शक और 'सीवन पुत्र' प्रदीप चावड़ा ने युवाओं को संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि सीवन नदी के प्रति लोगों में लगातार जागरूकता बढ़ रही है। हमारा लक्ष्य शहर में 5 हजार सजग 'सीवन पुत्र और सीवन पुत्री' तैयार करना है, और जनसहयोग के बल पर हम इस लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस पुनीत कार्य में समाज के हर वर्ग का सहयोग मिल रहा है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से राहुल राय, परमानंद राय, प्रकाश राय, प्रदीप राय, सुरेश ठाकुर, राघवेंद्र मिश्रा, स्वाति मिश्रा, कल्पना पांडे, विजय दीक्षित, आकाश वर्मा, निलेश श्रीवास्तव, दीपक वर्मा, विनय सिंह, योगेश राय, रचना राय, अभिलाषा, रेखा, सूची, श्रिया और अमित ठाकुर सहित बड़ी संख्या में वार्ड वासी उपस्थित रहे। वहीं अभियान को गति देने में 'सीवन पुत्र' के रूप में मुकेश राय, प्रकाश यादव, अश्विन नामदेव, कनीराम मालवीय, वैभव राठौर, कैलाश चव्हाण, जगदीश वर्मा, सुदेश भगत, अशोक नामदेव, शील राय और विल्सन जैन आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।