| गौवंश से भरी पिकअप पकड़ी, भगवती मानव कल्याण संगठन की सतर्कता से बचीं चार गायें |
सिंगरौली - जिले में गौ रक्षा को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने सतर्कता दिखाते हुए कथित गौतस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। संगठन की सक्रियता के चलते गौवंश से भरी एक संदिग्ध पिकअप वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। सोमवार मंगलवार की दरमियानी रात 3 बजे ग्राम पचौर, तहसील बरगवां में संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक MP53GA2249 को रोककर उसकी जांच की। वाहन में चार गौवंश पाए गए। मौके से एक आरोपी को पकड़कर वाहन सहित बरगवाँ पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इस पिकअप को भगवती मानव कल्याण संगठन ने पकड़ा, जिसका नेतृत्व जिला प्रभारी प्रेम सागर गुप्ता ने अपने सहयोगी संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ किया। कार्यकर्ताओं की सतर्कता और साहस के कारण गौवंश को सुरक्षित बचाया जा सका। भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि गौ रक्षा केवल नारों और भाषणों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर निरंतर प्रयासों से संभव है। उन्होंने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है तथा इसके संरक्षण के लिए समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है।संगठन ने नागरिकों से गौतस्करी एवं गौ अत्याचार के मामलों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने और गौ संरक्षण के लिए जागरूक होकर आगे आने की अपील की है।जो राजनीतिक दल गौ रक्षा को अपना प्रमुख मुद्दा बताते हैं, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि सड़कों पर हजारों गौवंश बेसहारा क्यों घूम रहे हैं? किसान अपनी फसल बचाने के लिए रात-रात भर जागने को मजबूर क्यों हैं? अनेक स्थानों पर गौशालाओं की स्थिति चिंताजनक क्यों बनी हुई है? यदि गौ माता हमारी आस्था का केंद्र हैं तो उनकी सुरक्षा, उपचार, चारे की व्यवस्था और सम्मानजनक संरक्षण केवल चुनावी घोषणाओं का विषय नहीं, बल्कि सरकारों और समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। साथ ही भविष्य में भी गौ रक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए ऐसे प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया है।