![]() |
| दमोह में विकास की ‘मेगा प्लानिंग’! ROB से मेडिकल कॉलेज तक… सांसद ने गिनाए बड़े प्रोजेक्ट Aajtak24 News |
दमोह - दमोह में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विकास परियोजनाओं, सड़क निर्माण, मेडिकल कॉलेज, केन-बेतवा लिंक परियोजना और किसानों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद राहुल सिंह लोधी ने की। बैठक में सांसद ने कहा कि प्रदेश में “कृषि कल्याण वर्ष” के अंतर्गत किसानों को आधुनिक और उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों की टीमें विशेष कृषि रथों के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों को वैज्ञानिक खेती, जैविक खेती, जल संरक्षण और आधुनिक उपकरणों की जानकारी दे रही हैं।बैठक में केन-बेतवा लिंक परियोजना की समीक्षा भी की गई। साथ ही सीतानगर परियोजना से छूटे 33 गांवों और हिंडोरिया क्षेत्र को जोड़ने के लिए रोडमैप तैयार करने पर चर्चा हुई।
VIP रोड में देरी पर नाराजगी
सांसद राहुल सिंह ने दमोह नगर पालिका क्षेत्र में महाराणा प्रताप चौक से कीर्ति स्तंभ तक बन रही वीआईपी रोड के अधूरे कार्य पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को ठेकेदार के खिलाफ सख्त निर्देश दिए।
अमृत सरोवर योजना पर जांच
सदगुवां क्षेत्र में लगभग 19 लाख रुपये की लागत से बने अमृत सरोवर तालाब के सूखने का मामला भी बैठक में उठा। बताया गया कि पास में अवैध उत्खनन के कारण तालाब प्रभावित हुआ। मामले की जांच के लिए जांच दल गठित किया गया है।
किसानों को साइलो से गेहूं बेचने की सलाह
सांसद ने बताया कि हटा और हिनौता क्षेत्र में साइलो संचालन शुरू कर दिया गया है, जिससे किसानों को उपार्जन केंद्रों की भीड़ से राहत मिलेगी। उन्होंने किसानों से सीधे साइलो में स्लॉट बुक कर गेहूं जमा करने की अपील की।
दिसंबर तक पूरे हो सकते हैं ROB
बैठक में बताया गया कि करैया, बांदकपुर और आनू के रोड ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं और दिसंबर तक पूरे होने की संभावना है। वहीं गैसाबाद पुल परियोजना की प्रशासनिक प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज का काम अंतिम चरण में
सांसद राहुल सिंह ने कहा कि दमोह मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और 30 जून तक भवन हैंडओवर किए जाने की संभावना है। इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा इसका शुभारंभ किया जा सकता है। पहले शैक्षणिक सत्र में करीब 100 विद्यार्थियों के प्रवेश का अनुमान है। नर्सिंग कॉलेज का टेंडर भी जारी हो चुका है। आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में लगभग 1000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना जताई गई।
टाइगर सफारी और एलिवेटेड रोड परियोजना
बैठक में ओरछा-हीरापुर-दमोह-जबलपुर मार्ग पर 17 किलोमीटर एलिवेटेड रोड निर्माण की जानकारी भी दी गई। कहा गया कि इससे वन्यजीवों को सुरक्षित मार्ग मिलेगा और सड़क दुर्घटनाएं कम होंगी। बैठक में विधायक उमा देवी खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- हर समीक्षा बैठक में बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स की समयसीमा घोषित होती है, लेकिन क्या प्रशासन यह गारंटी देता है कि करैया, बांदकपुर और आनू ROB वास्तव में दिसंबर तक पूरे हो जाएंगे?
- अमृत सरोवर योजना में 19 लाख खर्च होने के बाद भी तालाब सूख गया— क्या यह सिर्फ अवैध उत्खनन का मामला है या निर्माण गुणवत्ता पर भी सवाल हैं?
- मेडिकल कॉलेज से रोजगार और विकास के बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन क्या जिले में विशेषज्ञ डॉक्टर, फैकल्टी और आधुनिक स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित हो चुकी है, या भवन बनने के बाद भी व्यवस्थाएं अधूरी रहेंगी?
