सतना; 15 दिन में काम दिखाओ, वरना ठेका गंवाओ! सतना में कलेक्टर का अल्टीमेटम Aajtak24 News

सतना; 15 दिन में काम दिखाओ, वरना ठेका गंवाओ! सतना में कलेक्टर का अल्टीमेटम Aajtak24 News

सतना - सतना में निर्माणाधीन मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की धीमी रफ्तार पर प्रशासन अब सख्त हो गया है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने शुक्रवार को महापौर योगेश ताम्रकार के साथ सोनौरा स्थित निर्माणाधीन मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान काम की गति बेहद धीमी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्माण एजेंसी को 15 दिन का अंतिम चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि यदि तय अवधि में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो संबंधित एजेंसी का टेंडर निरस्त कर उसे टर्मिनेट करने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना जिले के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र बनने जा रही है, इसलिए गुणवत्ता और समयसीमा दोनों से समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन एडमिन ब्लॉक, स्विमिंग पूल, मल्टी स्पोर्ट्स हॉल और इंडोर स्पोर्ट्स हॉल का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने परिसर में खिलाड़ियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए कैंटीन या रेस्टोरेंट विकसित करने का सुझाव भी दिया, ताकि यह कॉम्प्लेक्स आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त केंद्र बन सके। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीना, डिप्टी कमिश्नर सत्यम मिश्रा, उत्कर्ष प्रताप सिंह, ईई मुकेश चतुर्वेदी, उपयंत्री अश्वनी सिंह और शैलेंद्र सिंह दहायत सहित नगर निगम और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

  1. जब निर्माण कार्य लंबे समय से धीमी गति से चल रहा था, तो प्रशासन ने पहले सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या निगरानी व्यवस्था कमजोर थी?
  2. अगर 15 दिन बाद टेंडर निरस्त होता है, तो क्या इससे परियोजना और ज्यादा देरी का शिकार नहीं होगी और खिलाड़ियों को इंतजार नहीं बढ़ेगा?
  3. क्या निर्माण एजेंसी पर सिर्फ चेतावनी दी जाएगी या अब तक हुई देरी और संभावित आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी?

Post a Comment

Previous Post Next Post