जशपुर पुलिस का अनोखा सम्मान समारोह: टॉपर्स का हुआ सम्मान, DIG डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिया करियर मंत्र Aajtak24 News

जशपुर पुलिस का अनोखा सम्मान समारोह: टॉपर्स का हुआ सम्मान, DIG डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिया करियर मंत्र Aajtak24 News

जशपुर - जशपुर जिले में शिक्षा और प्रतिभा को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के टॉपर्स और पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें प्रदेश स्तर पर टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक (DIG) एवं पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने विद्यार्थियों को सम्मान पत्र और मेमेंटो प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही विद्यार्थियों के माता-पिता को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान डॉ. लाल उमेद सिंह ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से वन-टू-वन चर्चा भी की। उन्होंने बच्चों को करियर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में प्रयास करने से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। प्रदेश टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 12वीं की आशा यादव (97.40%), करिश्मा सिंह (97.20%) और आयुष पैंकरा (96.80%) शामिल रहे, जबकि कक्षा 10वीं में आराध्य सिन्हा (98.16%) और भूपेश यादव (95.70%) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन विद्यार्थियों की उपलब्धियों को कार्यक्रम में विशेष रूप से सराहा गया।

इसके अलावा पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं में विभूषा सारथी (92.60%) और पूर्वी सिंह (90%) ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं सीजीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं में मौसमी साहू (94.83%), कमलेश यादव (93.6%), तनया लकड़ा (91.83%) और अनुराधा पैंकरा (84.33%) ने अच्छे अंक प्राप्त किए। कक्षा 12वीं (सीजीबीएसई) में आयुष यादव (95.2%), स्वाति पैंकरा (88.8%), अमन तिर्की (80.8%) और प्रीतम साय पैंकरा (77.8%) को भी सम्मानित किया गया। इन सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पटनवार, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंटे तथा रीडर मुकेश झा सहित कई गणमान्य नागरिक, पत्रकार और विद्यार्थियों के परिजन उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस भविष्य में भी इस तरह के प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलती रहे। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे प्रयासों से प्रतिभाओं को पहचान मिलती है। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि उनके अभिभावकों के लिए भी गर्व का क्षण बना। जशपुर पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।




Post a Comment

Previous Post Next Post