![]() |
| छतरपुर; खजुराहो से दुनिया को योग का संदेश! CM मोहन यादव बोले- योग और खजुराहो भारत की आत्मा के प्रतीक |
छतरपुर - विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो एक बार फिर वैश्विक मंच पर चर्चा का केंद्र बनी, जब यहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 25 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम और योग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग और खजुराहो दोनों ही भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव के संवेदनशील प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खजुराहो केवल स्थापत्य कला का अद्भुत उदाहरण नहीं है, बल्कि यह भारतीय जीवन दर्शन, संतुलन और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि योग अब सिर्फ व्यायाम नहीं, बल्कि “वन अर्थ, वन हेल्थ” की भावना को साकार करने वाला समग्र जीवन दर्शन बन चुका है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार “घर-घर योग, हर घर निरोग” के संकल्प के साथ योग और आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष विभाग के माध्यम से प्रदेश में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, योग वेलनेस सेंटर और जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस 25 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के जरिए देशभर के लाखों लोग योग से जुड़ रहे हैं और युवा पीढ़ी भी तेजी से योग की ओर आकर्षित हो रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने घोषणा की कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का मुख्य समारोह 21 जून को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जो योग की शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में भूमिका को रेखांकित करती है।
केंद्रीय मंत्री श्री जाधव ने कहा कि खजुराहो में वैश्विक योग एवं वेलनेस केंद्र बनने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष मंत्रालय योग को गांव-गांव, घर-घर, स्कूलों, कार्यालयों और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस अवसर पर ‘योग संगम पोर्टल’ का पुनः शुभारंभ किया गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 में अधिक से अधिक लोगों की ऑनलाइन भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। साथ ही राज्यों और संस्थानों में समर्पित योग स्थलों के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘योग पार्क पोर्टल’ भी लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में योग आधारित नई टी-शर्ट का अनावरण भी किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ‘योग 365 अभियान’ के तहत आयोजित 100 दिवसीय नि:शुल्क योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में दो लाख से अधिक लोगों ने भाग लेकर ‘योग मित्र’ प्रमाणन प्राप्त किया है। वहीं 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील भी की गई। प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि योग और आयुर्वेद भारत की प्राचीन जीवनशैली का हिस्सा हैं और शिक्षा के साथ योग को जोड़कर स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। वहीं संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक चेतना और सभ्यतागत मूल्यों को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दे रहा है।
खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन बन चुका है और लगभग 190 देशों में इसका अभ्यास किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधि, योग विशेषज्ञ, आयुष विभाग के अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
