![]() |
| टीकमगढ़; 24 घंटे में चालू हुआ खराब हैंडपंप! पानी की शिकायत पर प्रशासन का त्वरित एक्शन |
टीकमगढ़ - भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण इलाकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा स्थापित पेयजल कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायत का महज 24 घंटे के भीतर समाधान कर विभाग ने त्वरित कार्रवाई का दावा किया है। ग्राम पंचायत माडूमर के मधुवन बाईपास रोड स्थित धर्मदास मंदिर के पास खराब पड़े हैंडपंप को विभागीय टीम ने सुधार कर दोबारा चालू कर दिया। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने 26 मई 2026 को कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई थी कि धर्मदास मंदिर के पास लगा हैंडपंप खराब होने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत मिलते ही विभाग सक्रिय हुआ और मैकेनिक श्री अरविंद अहिरवार को मौके पर भेजा गया। सुधार कार्य के बाद हैंडपंप को चालू कर ग्रामीणों की पेयजल समस्या का समाधान किया गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुसार गर्मी के मौसम में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तरीय पेयजल कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम कार्यालय कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड टीकमगढ़ में संचालित हो रहा है।
विभाग ने बताया कि कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कार्यरत रहता है। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब या बंद पड़े हैंडपंपों की सूचना कंट्रोल रूम प्रभारी श्री विशाल अग्रवाल के मोबाइल नंबर 9893379895 पर दी जा सकती है। विभाग का दावा है कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान किया जा रहा है, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। हालांकि जिले के कई ग्रामीण इलाकों में अब भी जल संकट की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर लोगों में राहत के साथ-साथ यह उम्मीद भी बढ़ी है कि बाकी शिकायतों का समाधान भी इसी तेजी से होगा।
